विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम करेगी नि:शुल्क जांच और उपचार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आम नागरिकों को आयुष चिकित्सा पद्धति का लाभ पहुंचाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से 7 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला आयुर्वेद अधिकारी रायपुर के मार्गदर्शन में आयोजित होगा, जिसमें आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध एवं होम्योपैथी के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क उपचार और दवाइयों का वितरण करेंगे।
यह स्वास्थ्य शिविर प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक सांस्कृतिक भवन, डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड क्रमांक-68, चंगोराभाठा, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत संचालित योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करना है।
शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगों का निदान, उपचार संबंधी परामर्श, जीवनशैली में सुधार के सुझाव तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क औषधियों का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा पैथोलॉजी जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे मरीजों को आवश्यक जांच के लिए अलग से भटकना नहीं पड़ेगा।
आयोजन में आयुष कार्ड के निर्माण एवं वितरण की जानकारी भी दी जाएगी। वहीं, स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, दंत रोग सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच एवं उपचार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा लोगों को रोगों की रोकथाम और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक परामर्श दिया जाएगा।
शिविर में लाइव योग सत्र का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, जोड़ों के दर्द, मोटापा, तनाव, अनिद्रा और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रभावी योग अभ्यास और प्राकृतिक उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही घरेलू जड़ी-बूटियों एवं आयुष आधारित जीवनशैली से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे लोगों को पारंपरिक उपचार पद्धतियों की उपयोगिता समझने का अवसर मिलेगा।
विशेष आकर्षण के रूप में बालको कैंसर अस्पताल, नया रायपुर की टीम द्वारा कैंसर से संबंधित जांच एवं परामर्श दिया जाएगा। वहीं एम.जी.एम. नेत्र संस्थान, रायपुर के विशेषज्ञों द्वारा नेत्र रोगों की जांच, परामर्श तथा जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क चश्मों का वितरण भी किया जाएगा।
आयोजकों ने शिविर में आने वाले सभी मरीजों से अपील की है कि वे अपनी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट, जांच रिपोर्ट एवं डॉक्टर की पर्चियां साथ लेकर आएं, ताकि विशेषज्ञ चिकित्सक उनकी स्वास्थ्य स्थिति का बेहतर मूल्यांकन कर उचित उपचार उपलब्ध करा सकें।
जिला आयुष विभाग ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस स्वास्थ्य शिविर में भाग लेकर नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र जांगड़े (मो. 9770546646) से संपर्क किया जा सकता है। आयोजन का नेतृत्व जिला आयुष अधिकारी डॉ. ख्वाती रावत के मार्गदर्शन में किया जाएगा।