तेलंगाना। तेलंगाना के महबूबनगर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोजपुर गांव के पास करीब सुबह 4 बजे बकरियों से लदा एक DCM ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जिससे चालक की मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में मौजूद करीब 150 से 200 बकरियां आग की चपेट में आ गईं और जिंदा जल गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिजली के खंभे से टक्कर के बाद आग लगने की वजह से यह बड़ा नुकसान हुआ। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में इतनी बड़ी संख्या में बकरियों की मौत से स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है।