उड़ीसा में बैठकर बड़े शहरों को ड्रग्स भेजने वाला गिरफ्तार…रायपुर, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली के डर्टी पार्टियों में होता था सप्लाई

महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में ओडिशा के देवगढ़ जिले के गुलाबबंद निवासी किशोर कुमार नायक (36) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, किशोर कुमार नायक इस मामले में गांजा उपलब्ध कराने वाला मुख्य सोर्स और बैकवर्ड लिंक था। यह कार्रवाई थाना सिंघोड़ा में दर्ज अपराध क्रमांक 37/2026, धारा 20(B)(II)(C) एवं 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जब्त मोबाइल के डाटा का विश्लेषण करते हुए गांजा तस्करी के मुख्य स्रोत तक पहुंच बनाई।

281.900 किलो गांजा के साथ पकड़े गए थे पांच तस्कर

मामला 3 अप्रैल 2026 का है। सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में गांजा वाहनों के जरिए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने एनएच-53, ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक फॉर्च्यूनर कार (MH12 WC 0090) और स्कार्पियो कार (MH12 YH 0925) को रोककर तलाशी ली। दोनों वाहनों से 281.900 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये बताई गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा ओडिशा से लोड कर पुणे (महाराष्ट्र) ले जा रहे थे।

दो करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त

मामले में पुलिस ने गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई एक फॉर्च्यूनर और एक स्कार्पियो, साथ ही चार मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।

तकनीकी जांच से मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस

मामले की आगे की विवेचना में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों से मिली जानकारी और उनके मोबाइल फोन के डाटा का तकनीकी विश्लेषण किया। इसी आधार पर पुलिस को गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य स्रोत के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

जांच के बाद पुलिस टीम ने देवगढ़, ओडिशा के गुलाबबंद निवासी किशोर कुमार नायक को चिन्हित किया और उसे 10 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर महासमुंद लाया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं पांच आरोपी

इस मामले में पुलिस ने 3 अप्रैल को गांजा परिवहन करते हुए महाराष्ट्र के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें प्रशांत शंकर गोले, क्षितिज वीरसेन जाधव, महेश काटकर, अभिषेक डेविड जगले और अक्षय नंदकुमार निगम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *