बिलासपुर। साइबर वित्तीय अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बिलासपुर रेंज साइबर थाना को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में कुल 50 साइबर अपराध संबंधी शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में करीब 4 करोड़ रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित जानकारी मिली है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में बैंक खाते खुलवाकर उनकी जानकारी, मोबाइल नंबर और बैंकिंग साधन अन्य लोगों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से प्राप्त रकम को प्राप्त करने और आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। ऐसे खातों को सामान्यतः म्यूल बैंक अकाउंट कहा जाता है।
मामले की शुरुआत छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, मंगला शाखा में संचालित एक खाते में बड़ी मात्रा में संदिग्ध लेन-देन सामने आने के बाद हुई। जांच में पाया गया कि ‘अजय फार्म हाउस’ के नाम से संचालित बैंक खाते में 18 मई से 12 जून 2026 के बीच महज 25 दिनों में ₹2,20,68,443 की संदिग्ध राशि का लेन-देन हुआ। पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट, अकाउंट ओपनिंग फॉर्म, KYC दस्तावेज, मोबाइल नंबर, बैंक खातों और आरोपियों के आपसी संपर्कों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके बाद एक-एक कर 6 आरोपियों की भूमिका सामने आई।
पुलिस ने मामले में अजय कुमार सोनी (36), अभिलाष कुमार डेनियल उर्फ चिंटू (49), भास्कर कश्यप (42), नरेन्द्र कुर्रे (35), आशीष तिवारी (36) और देवेश कुमार दास उर्फ रोबिन (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिलासपुर, मुंगेली, सक्ती, कोरबा और रायपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।
जांच के अनुसार, अजय कुमार सोनी ने ‘अजय फार्म हाउस’ के नाम से बैंक खाता खुलवाया था। उसके खाते में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन मिले। वहीं अन्य आरोपियों पर बैंक खाते उपलब्ध कराने, खाताधारकों से संपर्क कराने, बैंकिंग एप्लीकेशन इंस्टॉल करने और कमीशन के बदले खातों को साइबर अपराध में इस्तेमाल करने में सहयोग करने का आरोप है।
अलग-अलग राज्यों में 50 साइबर अपराध की शिकायतें
जांच के दौरान आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के संबंध में विभिन्न राज्यों से कुल 50 साइबर वित्तीय अपराध संबंधी शिकायतें सामने आई हैं।
- अजय कुमार सोनी के खाते के खिलाफ 21 शिकायतें
- भास्कर कश्यप के खाते के खिलाफ 24 शिकायतें
- नरेन्द्र कुर्रे के खाते के संबंध में 2 शिकायतें
- आशीष तिवारी के खाते के संबंध में 3 शिकायतें
ये शिकायतें चंडीगढ़, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान, झारखंड, मध्यप्रदेश, बिहार, दिल्ली, गोवा, गुजरात और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों से संबंधित हैं। पुलिस के मुताबिक इन शिकायतों में करीब ₹4 करोड़ की वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य बैंक खातों एवं व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है।