रायगढ़। ट्रांसपोर्ट नगर में महिला मित्र से मिलने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर की दरम्यानी रात सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि तीनों ने शिवा के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। उसे जमीन पर पटक-पटककर पीटे जाने से गंभीर चोटें आईं।
मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चला गया, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहले कोतवाली थाने में मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। पुलिस ने जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और घटना में बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए। पूछताछ में तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई।
पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक को मृत्यु का कारण बताया गया। मर्ग जांच में मारपीट से लगी गंभीर चोटों के कारण मौत की पुष्टि होने के बाद जूटमिल थाने में 12 सितंबर को अपराध क्रमांक 540/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि राजू महंत और कृष्णा साव किसी पूर्व मामले में जिला जेल रायगढ़ में बंद थे और जल्द रिहा होने वाले थे। पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों को उनके परिजनों के साथ पकड़ा और थाने लाकर पूछताछ की।
पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में दोनों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा सेठ्ठी से मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं तीसरे आरोपी धन्नू निषाद की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।