बिलासपुर में खड़ी गाड़ियों में आग लगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो वारदातों का हुआ खुलासा

बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने खड़ी गाड़ियों में आग लगाने और लोगों को धमकाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अलग-अलग घटनाओं में एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले किया था।

पुलिस के अनुसार 10 सितंबर की रात सूर्या चौक चिंगराजपारा में एक किराए के मकान के पास खड़ी गौरी देवांगन की स्कूटी क्रमांक CG 10 BE 3159 में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी। आग से स्कूटी और उसमें रखा अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया था। इस मामले में सरकंडा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

वहीं, 13 सितंबर की रात बंधवापारा निवासी नफीस खान से शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए थे। पैसे नहीं देने पर उसके साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इसके बाद उसकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EE 7267 को ले जाकर भंडारी प्लांट रोड के पास आग लगा दी गई।

दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस (29) निवासी भंडारी प्लांट, बंधवापारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *