बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अशांति और अड्डाबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने ओछिनापारा में धारदार चाकू दिखाकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं दर्रीपारा चौक में नशा और अड्डाबाजी करते पाए गए 7 बदमाशों के खिलाफ भी धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर 2026 को थाना रतनपुर में सूचना मिली थी कि ओछिनापारा क्षेत्र में एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर राह चलते लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और पुलिस टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरज माण्डवा (28) निवासी ओछिनापारा रतनपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
दर्रीपारा चौक में अड्डाबाजी कर रहे 7 बदमाशों पर कार्रवाई
इसी दिन रतनपुर पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान दर्रीपारा रतनपुर चौक में कुछ युवक नशा और अड्डाबाजी करते हुए मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी 7 युवकों को थाने लाया और उनके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। सभी को माननीय तहसील न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अड्डाबाजी, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने और आम लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
चाकू के साथ पकड़े गए आरोपी सुरज माण्डवा के अलावा अड्डाबाजी के मामले में विवेक सिंह, गिरीश साहू, सूर्यकांत कोशले, दीपेश कोशले, अरविंद डगर्जी, शिवम माण्डवा और छोटू उर्फ भोलू माण्डवा के खिलाफ कार्रवाई की गई।