रायपुर। गणेशोत्सव के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने वेस्ट जोन में मंगलवार शाम विशेष सघन बाइक पेट्रोलिंग और ड्रोन निगरानी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पंडालों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया (IPS) और एडीसीपी राहुल देव शर्मा स्वयं बाइक पेट्रोलिंग में शामिल रहे।
इसके अलावा सहायक पुलिस आयुक्त ईशू अग्रवाल (IPS) और देवांश राठौर (IPS) भी अपने-अपने क्षेत्रों में बाइक टीमों के साथ मौजूद रहे। आजाद चौक थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर, सरस्वती नगर थाना प्रभारी पारस पटेल और पुरानी बस्ती थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ गश्त की।
तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बाइक से पहुंची पुलिस
गणेशोत्सव के दौरान पंडालों के आसपास बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने उन इलाकों पर विशेष फोकस किया, जहां चार पहिया वाहन आसानी से नहीं पहुंच पाते। पंडालों के पीछे की संकरी गलियों, ठेला-बाजार और घनी आबादी वाले मोहल्लों में बाइक पेट्रोलिंग की गई।पुलिस टीमों ने संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और महिलाओं से छेड़छाड़ की आशंका वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। वाहन चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए भी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई।
आसमान से ड्रोन की नजर, जाम दिखते ही पहुंचा पुलिस बल
जमीन पर बाइक पेट्रोलिंग के साथ ही पुलिस ने ड्रोन के जरिए भी प्रमुख पंडालों, बाजारों और व्यस्त चौराहों की निगरानी की। ड्रोन से भीड़ और यातायात की स्थिति पर नजर रखी गई। जहां भी भीड़ या वाहनों का दबाव बढ़ता दिखाई दिया, वहां तत्काल पुलिस बल भेजकर यातायात को व्यवस्थित कराया गया।विसर्जन मार्गों पर भी ड्रोन से निगरानी रखने की व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
गणेशोत्सव खत्म होने तक जारी रहेगा अभियान
रायपुर पुलिस वेस्ट जोन की यह विशेष सुरक्षा व्यवस्था गणेशोत्सव की समाप्ति तक लगातार जारी रहेगी। वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष मौजूदगी, बड़ी संख्या में पुलिस बल, बाइक पेट्रोलिंग और ड्रोन निगरानी के जरिए त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।