रायगढ़ में लड़के की हत्या, कई संदिग्ध से पुलिस कर रही पूछताछ

रायगढ़। शहर के रामभांठा क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुराने बस डिपो के पास एक खाली प्लॉट में 16 वर्षीय किशोर का शव मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, रामभांठा निवासी शिवलाल चौहान का 16 वर्षीय पुत्र धनुर्जय चौहान उर्फ गणेश सोमवार रात करीब 9 बजे चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।इसी बीच मंगलवार सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शिवलाल चौहान के पुत्र धनुर्जय चौहान उर्फ गणेश के रूप में की। प्रारंभिक जांच में किशोर के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि चोट किन परिस्थितियों में लगी और किशोर की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

मर्ग कायम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी जांच का अहम आधार मान रही है। पुलिस द्वारा किशोर के घर से निकलने के बाद उसके संपर्क में आए लोगों और उसके अंतिम समय के घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

कुछ संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

घटना की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर रात में किन लोगों के संपर्क में था, वह पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *