राजनांदगांव। जिले में चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की संपत्ति के साथ ₹60 हजार नकद और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और डीएसपी क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
थाना कोतवाली क्षेत्र में रविशंकर देवांगन के मकान में 5 से 9 सितंबर के बीच चोरी हुई थी। चोर घर से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान समेत करीब 2.10 लाख रुपये की संपत्ति ले गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गफ्फार शरीफ (55) निवासी रामनगर पावर हाउस को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की। उसकी निशानदेही पर 2 जर्मन कड़ाही, 1 पीतल की बाल्टी, 1 तांबे का गिलास और ₹60 हजार नकद बरामद किया गया। आरोपी को 14 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ क्षेत्र में देवांगन वॉच सेंटर में चोरी की शिकायत मिली थी। 12 सितंबर की रात अज्ञात आरोपी दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसा और ₹1,000 नकद, 30 हाथ घड़ियां और 10 बैग, करीब ₹10,500 कीमत का सामान चोरी कर ले गया। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने योगेश साहू को संदेह के आधार पर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथी जलालुद्दीन कुरैशी और प्रेम सिंह के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की हाथ घड़ियां, बैग, अन्य सामान और बची हुई नगदी बरामद की गई।
पूछताछ में तीनों आरोपियों की संलिप्तता एक अन्य चोरी की वारदात में भी सामने आई। तुमड़ीबोड़ निवासी हिरामन साहू के पान ठेले का दरवाजा तोड़कर सिगरेट, पान मसाला और नगदी समेत करीब ₹15 हजार का सामान चोरी किया गया था।पुलिस ने इस मामले में भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- गफ्फार शरीफ, उम्र 55 वर्ष, निवासी रामनगर पावर हाउस, राजनांदगांव।
- योगेश साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी धनोरा बाजार चौक, जिला दुर्ग।
- जलालुद्दीन कुरैशी, उम्र 32 वर्ष, निवासी बघेरा, जिला दुर्ग।
- प्रेम सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी बघेरा, जिला दुर्ग।