बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी गांव में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी अमन सूर्यवंशी (23) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे संबलपुरी में सोसायटी के पास आकाश सूर्यवंशी अपने दोस्तों और गांव के लोगों के साथ मौजूद था। इसी दौरान गांव का ही अमन सूर्यवंशी कथित तौर पर नशे की हालत में वहां पहुंचा और आकाश से विवाद करते हुए झूमाझटकी करने लगा।
इसी दौरान अमन ने धारदार हथियार से आकाश के सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर आकाश जमीन पर गिर गया और उसके सीने से खून बहने लगा। सूचना के बाद उसे डायल 112 की पुलिस गाड़ी से इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई अमरनाथ सूर्यवंशी की रिपोर्ट पर सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 849/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन सूर्यवंशी, पिता प्रहलाद सूर्यवंशी, उम्र 23 वर्ष, निवासी संबलपुरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जब्त किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।