IPS अंकिता शर्मा ने 3 दिनों में 70 बदमाशों को भेजा जेल, राजनांदगांव में अब असामाजिक तत्वों में दहशत

राजनांदगांव। गणेश उत्सव के दौरान जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस लगातार संवेदनशील इलाकों, बाजारों, गणेश पंडालों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी कर रही है। पुलिस ने पिछले तीन दिनों में 70 बदमाशों और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा है। इनमें आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और धारा 170 बीएनएसएस के तहत की गई कार्रवाई शामिल है।

गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस गणेश पंडाल समितियों के साथ लगातार संपर्क में है। इसके लिए ‘पंडाल मित्र’ और ‘One Cop-One Pandal’ व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत पंडालों में पुलिस की सीधी मौजूदगी और निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस संदिग्ध और आदतन अपराधियों पर भी नजर रख रही है, ताकि उत्सव के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

राजनांदगांव पुलिस के अनुसार, पिछले तीन दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

  • कोतवाली: आर्म्स एक्ट के 1 मामले में 2 आरोपी
  • चिखली: आर्म्स एक्ट के 2 मामले
  • बसंतपुर: आर्म्स एक्ट का 1 मामला और धारा 170 बीएनएसएस के 9 मामले
  • सुरगी: धारा 170 बीएनएसएस का 1 मामला
  • तुमड़ीबोड़: आबकारी एक्ट 34(2) का 1 मामला
  • सोमनी: धारा 170 बीएनएसएस के 2 मामले, 4 आरोपी
  • डोंगरगांव: आर्म्स एक्ट के 2 मामले
  • चिचोला: धारा 170 बीएनएसएस का 1 मामला

कुल कार्रवाई में धारा 170 बीएनएसएस के 13 प्रकरण, आर्म्स एक्ट के 6 प्रकरण और आबकारी एक्ट 34(2) का 1 प्रकरण शामिल है। पुलिस ने साफ किया है कि गणेश उत्सव के दौरान शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *