बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन लोहे के पाइप समेत अन्य सामान जब्त किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे सुंदरूबाड़ी स्थित शिव मंदिर के पास मारपीट की घटना हुई थी। शिकायतकर्ता राकेश राजपूत ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे संजय राजपूत के साथ पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने लाठी, लोहे के पाइप, रॉड और चेन-स्पॉकेट से हमला किया।
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे राजा ठाकुर के साथ भी मारपीट की गई। हमले में संजय राजपूत और राजा ठाकुर को गंभीर चोटें आईं। दोनों को इलाज के लिए तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे के उपचार के लिए वेगस अस्पताल रेफर किया गया।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरकंडा पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम बनाई। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और विवेचना के आधार पर उनकी घटना में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल केंवट उर्फ दाऊ (18), पंकज पासी उर्फ किट्टू (20) और साहिल लास्कर (19), सभी निवासी चिंगराजपारा, सरकंडा, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन स्टीलनुमा लोहे के पाइप और अन्य आलाजरब बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और बदले की भावना से एकजुट होकर हमला करने की बात सामने आई है। सरकंडा पुलिस ने मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।