रायपुर/धमतरी। जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को मौसम के अचानक बदले मिजाज के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम महुदा में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हुई है। वहीं, घटना में 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों का इलाज जारी है।
इधर, अकलतरा क्षेत्र में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत होने की जानकारी सामने आई है। लगातार खराब मौसम के बीच जिले में हुई इन घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
वहीं राजधानी रायपुर में भी गरज-चमक के साथ मौसम बदला हुआ है। दूसरी ओर धमतरी जिले में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही है। कई इलाकों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है।
प्रशासन और स्थानीय स्तर पर लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने तथा खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की जा रही है।