धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत धमतरी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद पुलिस ने 21.51 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 2 हजार रुपये है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:20 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुरूद के मेघा रोड स्थित इन्वेन्चर स्कूल तिराहा के पास कुछ युवक हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 8 हजार रुपये नगद, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.65 लाख रुपये बताई है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा (24), ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ (24) और सूरज रजक (29) को गिरफ्तार किया है। तीनों धमतरी जिले के निवासी बताए गए हैं।
कुरूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज कर धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।