रायपुर। राजधानी में यातायात पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल का मामला सामने आया है। ऑटो में छूटे सोने के जेवरात, 9 हजार रुपये नकद और अन्य जरूरी सामान से भरा बैग यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खोज निकाला और महिला को सुरक्षित वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को एक महिला ने यातायात थाना पचपेड़ी नाका पहुंचकर थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद यादव को बताया कि वह घड़ी चौक से ऑटो में सवार होकर पचपेड़ी नाका पहुंची थी। ऑटो से उतरते समय उसका बैग वाहन में ही छूट गया। बैग में 9 हजार रुपये नकद, सोने की कान की खूंटियां और अन्य व्यक्तिगत सामान था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए यातायात पुलिस टीम ने तत्काल पचपेड़ी नाका और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज में ऑटो का नंबर स्पष्ट नहीं दिखाई दिया, लेकिन पुलिस को ऑटो के सामने “जय महाकाल” लिखा नजर आया।
दो दिन की तलाश के बाद मिला ऑटो
इस सुराग के आधार पर यातायात पुलिस ने लगातार दो दिनों तक शहर के अलग-अलग ऑटो स्टैंड और मार्गों पर तलाश की। आखिरकार 19 सितंबर को ऑटो और उसके चालक राजा शर्मा की पहचान कर ली गई। चालक को यातायात थाना पचपेड़ी नाका बुलाया गया।
पूछताछ में चालक ने बैग सुरक्षित होने की जानकारी दी। इसके बाद महिला की मौजूदगी में बैग खोला गया। महिला ने उसमें रखे सोने के जेवरात, 9 हजार रुपये नकद और अन्य सामान का मिलान किया, जो पूरा सुरक्षित मिला।
सामान वापस मिलने पर महिला ने रायपुर पुलिस और यातायात टीम का आभार जताया। इस कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद यादव के नेतृत्व में आरक्षक 2418 रज्जाक खान की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई की सराहना की जा रही है।