छत्तीसगढ़ में अब शराबी पुलिसकर्मियों की नौकरी खतरे में, आज एक बर्खास्त 

बलरामपुर-रामानुजगंज। ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करने और डायल 112 वाहन दुर्घटना के मामले में बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभागीय जांच के बाद पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

मामला वाड्रफनगर चौकी और बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की रात डायल 112 वाहन क्रमांक CG 03 A-2749 में आरक्षक संजय मारकण्डे की ड्यूटी लगाई गई थी। रात करीब 11:40 बजे इवेंट की सूचना मिलने पर आरक्षक और वाहन चालक ओमप्रकाश यादव ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए।

इसी दौरान करीब 11:45 बजे वाड्रफनगर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के आगे डायल 112 वाहन की सामने से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक UP-64 CT-1055 से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में डायल 112 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि

हादसे के बाद आरक्षक और वाहन चालक के हाव-भाव को देखते हुए उनके शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में मेडिकल परीक्षण कराया गया।

पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट में आरक्षक संजय मारकण्डे और वाहन चालक के ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच कराई गई। जांच के बाद पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आरक्षक संजय मारकण्डे को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया। पुलिस विभाग ने ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता और लापरवाही के मामलों में सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *