रायपुर। राजधानी के देवपुरी इलाके में एक होटल व्यवसायी की नई इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी होने का मामला सामने आया है। कवर्धा निवासी होटल व्यवसायी सुरेन्द्र सिंह ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। चोरी हुई हीरो विडा इलेक्ट्रिक स्कूटी की कीमत करीब 1 लाख 9 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, सुरेन्द्र सिंह 17 सितंबर 2026 को अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी लेकर कवर्धा से रायपुर आया था। रात करीब 11 बजे उसने कमल विहार चौक स्थित गुरुद्वारे के सामने देवपुरी में स्कूटी खड़ी की और गुरुद्वारे के अंदर चला गया।
करीब 11:30 बजे जब वह वापस लौटा तो स्कूटी अपने स्थान पर नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चला। शिकायतकर्ता के मुताबिक, किसी अज्ञात चोर ने उसकी स्कूटी चोरी कर ली।
चोरी हुई स्कूटी हीरो विडा, नीले रंग की और वर्ष 2026 मॉडल की है। वाहन का इंजन नंबर और चेसिस नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। सुरेन्द्र सिंह ने घटना की जानकारी अपने जीजा जगजीत सिंह अजमानी को भी दी। टिकरापारा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर स्कूटी और आरोपी की तलाश कर रही है।