सब्जी व्यापारी से 5 हजार कैश और बाइक की लूट, शराब पीने पैसे नहीं होने पर वारदात को अंजाम देने वाले नशेड़ी गिरफ्तार

रायगढ़। बड़पारा शराब भट्ठी के पास सब्जी व्यापारी से मारपीट कर ₹5 हजार नगद और बाइक लूटने के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संजय शर्मा उर्फ सोनू (30) और गणेश शर्मा (25), दोनों निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम गोतमा निवासी गजानन प्रधान ने 19 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 15 सितंबर को वह अपनी एचएफ डिलक्स बाइक से सब्जी बिक्री की रकम जमा करने रायगढ़ जा रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे वह बड़पारा शराब भट्ठी पहुंचा था। इसी दौरान दो युवकों ने उससे शराब पीने के लिए ₹100 मांगे। रकम देने के बाद आरोपियों ने उससे शराब की मांग की और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि दोनों ने उसकी शर्ट की जेब से ₹5 हजार निकाल लिए और बाइक की चाबी भी छीन ली। इसके बाद पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 523/2026 दर्ज कर धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही प्रार्थी और गवाहों से मिले हुलिए व अन्य जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्रवाई कराई, जहां प्रार्थी ने दोनों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, लूटी गई ₹5 हजार की रकम आरोपियों ने खाने-पीने में खर्च कर दी।

आरोपी संजय शर्मा के मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने लूटी गई काले रंग की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BF 9616, जिसकी कीमत करीब ₹60 हजार है, बरामद कर जब्त की। दोनों आरोपियों को 21 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *