बिलासपुर। जिले के कोटा क्षेत्र स्थित कोरी डेम में पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सोमवार, 28 सितंबर को नहाने के दौरान युवक अचानक डेम के गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने युवक का शव पानी से बरामद किया। हादसे से मृतक के परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगला निवासी 32 वर्षीय दिग्विजय कौशिक सोमवार सुबह अपने पांच दोस्तों के साथ कोटा क्षेत्र के कोरी डेम घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी दोस्त वहां समय बिता रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे वे डेम में नहा रहे थे। इसी दौरान दिग्विजय नहाते हुए गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गए।
दिग्विजय के पानी में डूबने के बाद मौके पर मौजूद दोस्तों ने उन्हें तलाशने और बचाने का प्रयास किया। काफी देर तक खोजबीन करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद दोस्तों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
घटना की सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने कोरी डेम में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी तलाश के बाद टीम ने दिग्विजय कौशिक का शव पानी से बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिकनिक मनाने निकले युवक की अचानक मौत से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।