नर्स की मौत, धमतरी में एंबुलेंस और ट्रैक्टर की भिड़ंत

धमतरी। रायपुर से जगदलपुर लौट रही वेंटिलेटर एंबुलेंस बुधवार को संबलपुर के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार महारानी अस्पताल, जगदलपुर की स्टाफ नर्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एंबुलेंस में मौजूद मृत मरीज के परिवार के तीन सदस्य घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार महारानी अस्पताल, जगदलपुर से एक मरीज को बेहतर उपचार के लिए रायपुर के एसएमसी अस्पताल रेफर किया गया था। मरीज को वेंटिलेटर सुविधा वाली एंबुलेंस से रायपुर लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मरीज को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मरीज के शव को परिजनों के साथ एंबुलेंस से वापस जगदलपुर ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान संबलपुर के पास एंबुलेंस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार स्टाफ नर्स को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में मृत मरीज के परिवार के तीन सदस्यों को भी चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही 108 वरदान परमार्थ एंबुलेंस सेवा समिति के खिलावन साहू सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। स्टाफ नर्स के शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एंबुलेंस चालक को रास्ते में झपकी आने की वजह से हादसा होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि चालक ने इससे पहले भी रास्ते में वाहन रोककर कुछ देर आराम किया था। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *