स्कूटी में बैठा मिला मर चुका युवक, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस हुई हैरान

मेरठ। रोहटा रोड पर सिटी स्टेशन की ओर जाने वाले फ्लाईओवर के पास बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खाली मैदान में स्कूटी पर युवक का शव मिला। राहगीरों ने युवक को स्कूटी पर बैठे देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान 26 वर्षीय रजत यादव पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई है। वह कंकरखेड़ा की बैंक कॉलोनी का रहने वाला था और एक इंटर कॉलेज में निजी नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार, रजत लंबे समय से नशे का आदी था। कुछ दिन पहले भी अत्यधिक नशे के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, रजत बुधवार को घर से निकलने के बाद रोहटा रोड स्थित खाली मैदान में पहुंचा था। पुलिस को आशंका है कि वहां नशे का इंजेक्शन लेने के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रजत वहां कब पहुंचा था और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *