पंचायत सचिव को दांत से काटा, मोहल्ले का विवाद पहुंचा थाने

बालोद। डौण्डी लोहारा थाना क्षेत्र में मोहल्ले के पारिवारिक विवाद को लेकर समझाइश देना एक पंचायत सचिव को भारी पड़ गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने पंचायत सचिव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और हाथ की उंगली में दांत से काट लिया। घटना में पंचायत सचिव की नाक के पास भी चोट आई है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, संबलपुर निवासी पंचायत सचिव ने बताया कि उसके मोहल्ले का शनगुनी पटेल अपने परिवार के सदस्यों के साथ पारिवारिक बातों को लेकर अक्सर विवाद करता था। मोहल्ले के लोगों ने उसे परिवार में विवाद नहीं करने की समझाइश दी थी।

शिकायत के मुताबिक आज सुबह करीब 9:30 बजे शनगुनी पटेल पंचायत सचिव के घर के सामने सार्वजनिक जगह पर पहुंचा और मोहल्ले के लोगों को उसके पारिवारिक मामले में दखल देने की बात कहते हुए गाली-गलौज करने लगा।

पंचायत सचिव ने उसे समझाने का प्रयास किया तो आरोप है कि शनगुनी पटेल ने उसके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी ने पंचायत सचिव के हाथ की उंगली को दांत से काट लिया। मारपीट में उसकी नाक के पास भी चोट आई।

घटना के दौरान सूरज पटेल, टोमन पटेल, नरेंद्र पटेल और दुलारी पटेल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाली-गलौज की, जिससे आसपास मौजूद लोगों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। पंचायत सचिव ने डौण्डी लोहारा थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *