रायपुर। एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 19 रन से पराजित कर टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने इस सफलता को भारतीय क्रिकेट के गौरव को नई ऊंचाई देने वाली उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
भारत ने 211 रन बनाए, पाकिस्तान 192 रन तक पहुंचा
निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 61 रन और तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन की पारी खेली। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में अपना पिछला खिताब बरकरार रखा और दूसरी बार स्वर्ण पदक हासिल किया।