रायपुर। कुशालपुर निवासी वकील आकाश सोनी के पिता जीवन लाल सोनी सड़क हादसे में घायल हो गए। उन्हें एक अज्ञात कार ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में उनके हाथ, सीने, कंधे और दोनों घुटनों में चोट आई है। घायल जीवन लाल सोनी को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार जीवन लाल सोनी कचहरी के पीछे स्थित एसबीआई बैंक में गोल्ड वैल्यूएशन का काम करते हैं। वे अपनी बाइक से तेलीबांधा स्थित एसबीआई बैंक जाने के लिए कैनाल रोड से निकले थे। इसी दौरान भारत माता चौक की ओर से आ रही एक अज्ञात कार के चालक ने वाहन को तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से जीवन लाल सोनी सड़क पर गिर गए और उनके बाएं हाथ की हथेली, बाएं हाथ की कलाई, बाईं तरफ सीने, दाहिने कंधे तथा दोनों पैरों के घुटनों में चोटें आईं। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच करते हुए टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।