बिलासपुर/रतनपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक घर और सद्गुरु कबीर आश्रम को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और चांदी का छत्र चोरी किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया। उनके कब्जे से कुल 2 लाख 14 हजार रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ढोलपारा रतनपुर निवासी बलराम बरगाह ने शिकायत दर्ज कराई कि 1 अक्टूबर 2026 की रात वह अपने घर में अकेले सो रहे थे। सुबह उठने पर घर का दरवाजा खुला मिला और पेटी में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा करीब 10 से 12 साड़ियां गायब थीं। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई।
इसी तरह सद्गुरु कबीर आश्रम, रतनपुर निवासी प्रेमदास शास्त्री ने शिकायत की कि आश्रम के कमरे का ताला तोड़कर करीब 500 ग्राम वजनी चांदी का छत्र चोरी कर लिया गया। इसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई। दोनों शिकायतों पर पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
मामलों की जांच के लिए थाना प्रभारी रतनपुर ने पुलिस टीम गठित की और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति सोने-चांदी के सामान को कम कीमत पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने घर और सद्गुरु कबीर आश्रम में चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 2 लाख 14 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकुमार केंवट और जोतराम केंवट के रूप में हुई।
रतनपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी के दोनों मामलों का खुलासा हुआ और चोरी की गई संपत्ति बरामद की गई।