Headlines

Dhamtari : देर रात मोहल्ले में घुसने को लेकर विवाद, दो युवकों पर चाकू से हमला, लकड़ी के पट्टे से भी वार

धमतरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात बाजा बजाने के पैसे देने के बाद घर लौट रहे युवकों के साथ विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने युवकों से मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। घटना में दो युवक घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार चंद्रेश्वर ध्रुव अपने दोस्त नरेंद्र कुमार साहू के साथ रतन कॉलोनी निवासी युवराज सतनामी और देवेंद्र ध्रुव को बाजा बजाने के पैसे देने गया था। 3 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे पैसे देने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान साहिल मसीह वहां पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करने लगा।

गाली देने से मना करने पर साहिल मसीह ने कथित तौर पर उन्हें धमकाते हुए कहा कि इतनी रात को मोहल्ले में क्यों आए हो और इसके बाद हाथ-मुक्का से मारपीट करने लगा। इसी दौरान साहिल का भाई प्रिंस मसीह लकड़ी का पट्टा लेकर पहुंचा और मारपीट करने लगा।

आरोप है कि इसी बीच रिंकू मसीह धारदार चाकू लेकर आया और उसने चाकू साहिल मसीह को दे दिया। इसके बाद साहिल ने चाकू से युवराज सतनामी की कमर के ऊपर बाईं तरफ वार कर दिया। युवराज को बचाने के लिए उसका दोस्त नरेंद्र कुमार साहू बीच-बचाव करने पहुंचा, तो उस पर भी चाकू से हमला कर दिया गया।

चाकू के वार से युवराज सतनामी की कमर के ऊपर बाईं तरफ चोट आई और खून निकलने लगा। वहीं लकड़ी के पट्टे से मारने के कारण उसकी जांघ में भी चोट और दर्द बताया गया है। नरेंद्र कुमार साहू के बाएं हाथ के अंगूठे के पास और दाईं तरफ कमर के ऊपर चाकू लगने से चोट आई है तथा खून निकलने की बात सामने आई है।

घटना के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पूरा मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *