बालोद में एसिड कांड, बुरी तरह झुलसी कॉलेज छात्रा

बालोद। जिले में कॉलेज जा रही एक युवती पर अज्ञात युवक द्वारा एसिड फेंकने का मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

एडिशनल एसपी चन्द्रकांत गवर्ना के अनुसार, युवती कॉलेज जा रही थी, इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, हमलावर तांदुला बांध के जंगलों की ओर भागा है। आरोपी ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ संभावित मार्गों और अन्य सुरागों की जांच कर रही है।

फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामले में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *