धमतरी/कुरुद। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी कुरुद में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पुनेश्वर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। आरोप है कि कृषि भूमि के डायवर्सन के लिए उसने 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, धमतरी के शिक्षक कॉलोनी, वार्ड नंबर 15 निवासी प्रकाश चन्द्राकर ने अपनी ग्राम कंहारपुरी, तहसील कुरुद स्थित कृषि भूमि को व्यावसायिक प्रयोजन के लिए डायवर्सन कराने आवेदन प्रस्तुत किया था। इसी काम के एवज में कार्यालय में पदस्थ पुनेश्वर सूर्यवंशी द्वारा कथित तौर पर 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।
प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़वाने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर में शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान पुनेश्वर सूर्यवंशी को प्रार्थी से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।