Headlines

स्टेडियम के मेन गेट में खड़ी कार की तलाशी, नशीली टैबलेट जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने पदमनाभपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 160 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, एक कार, तीन मोबाइल फोन और 790 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4,04,790 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर को थाना पदमनाभपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रवि शंकर स्टेडियम के मुख्य गेट के सामने एक ग्रे रंग की कार में नशीली टैबलेट रखकर बिक्री के लिए कुछ लोग ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान दीपांकर दास वैष्णव (32), निवासी मुक्त नगर, पदमनाभपुर, दुर्ग के कब्जे से 70 नग नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट, कार क्रमांक CG07AM6045, एक सैमसंग मोबाइल, एक एप्पल मोबाइल और 790 रुपये नकद बरामद किए गए।

इसी तरह दूसरे आरोपी मुकेश राजपुत (34), निवासी कसारीडीह, गौरा-गौरी चौक, दुर्ग के कब्जे से 90 नग नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट और एक रेडमी मोबाइल फोन बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के पास से कुल 160 टैबलेट मिलीं, जिनका कुल वजन 9.01 ग्राम बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी कार में बैठकर या खड़े होकर ग्राहकों को नशीली टैबलेट बेचने की कोशिश कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पदमनाभपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 626/2026, धारा 22(ख), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *