Headlines

पुलिसकर्मियों से विवाद और झूमाझटकी, गणेश विसर्जन के दौरान उपद्रव करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ विवाद व झूमाझटकी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने के लिए समझाइश देने के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम से विवाद किया था।

पुलिस के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन शोभायात्रा और कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी डीजे बंद कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे। पुलिस द्वारा बार-बार समझाइश देने के बावजूद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और धमकी देने के साथ धक्का-मुक्की एवं झूमाझटकी की गई, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

घटना के बाद सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 513/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 221, 224, 132(ए) और 191(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के बाद आरोपियों की पहचान विजय तांडी, विशाल तांडी, दीपक तांडी और भीम महानंद के रूप में की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद चारों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में विजय तांडी (27), विशाल तांडी (29), दीपक तांडी (36) और भीम महानंद (32) शामिल हैं। सभी जगन्नाथ नगर, पंडरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में कुछ आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *