रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में आर.एस. ड्रीम लैण्ड प्राइवेट कंपनी के इम्प्रेसिया ईलाईट ई-2 के मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मैनेजर दीपक साहू की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:15 बजे दीपक साहू कंपनी का काम पूरा करने के बाद घर जाने के लिए इम्प्रेसिया ईलाईट ई-2 के पार्किंग स्थल से निकल रहे थे। इसी दौरान फ्लैट नंबर सी-611 में रहने वाले रूपेश वर्मा और उसके एक साथी ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि दोनों ने दीपक साहू से कहा कि उन्होंने उनके पिता तोपचंद वर्मा की कंपनी के मालिक से शिकायत कर उन्हें कंपनी के काम से निकलवा दिया है। इसके बाद दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का तथा डंडे से मारपीट की।
मारपीट में दीपक साहू के दोनों हाथ, सिर और पीठ में चोट लगने की बात सामने आई है। शिकायत के आधार पर टिकरापारा पुलिस मामले की जांच कर रही है।