दीवार फांदकर ससुराल में घुसा दामाद, खूनी अंजाम की धमकी

बेमेतरा। डोकला गांव में घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी के मायके में रहने से नाराज दामाद द्वारा रात में कथित तौर पर दीवार फांदकर घर में घुसने और सास से मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, चितरेखा दिवाकर की शादी साल 2020 में मुनरबोड़ निवासी दिनेश दिवाकर से हुई थी। दोनों का तीन वर्षीय बेटा जितेन्द्र दिवाकर है। घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद चितरेखा पिछले करीब चार महीने से अपने बेटे के साथ मायके ग्राम डोकला में रह रही है।

महिला ने बताया कि 4 अक्टूबर 2026 की रात 9:30 बजे वह अपने घर पर थी और उसका पति सो रहा था। इसी दौरान उसका दामाद दिनेश दिवाकर कथित तौर पर घर की दीवार फांदकर परछी में आ गया। उसे देखकर महिला ने अपने पति को जगाया। इसके बाद उसने पास में रहने वाले अपने पिता छन्नु देशलहरे को फोन कर बुलाया।

शिकायत में आरोप है कि महिला ने जब दिनेश से घर में आने का कारण पूछा तो उसने कोई जवाब नहीं दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने महिला के साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता छन्नु देशलहरे के साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की की गई। महिला के अनुसार, आरोपी ने धमकी दी कि कहीं भी मिलने पर वह उसके पूरे परिवार को जान से मार देगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *