बलौदा एक्सीडेंट में महिला सचिव की मौत

बलौदा। बलौदा विकासखंड में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम पंचायत केराकछार में पदस्थ पंचायत सचिव मधुलता की मौत हो गई। वह ‘सेवा संकल्प-सेवा सेतु’ अभियान के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में ड्यूटी के लिए स्कूटी से जा रही थीं। इसी दौरान बलौदा-कोरबा मार्ग पर सर्वमंगला के पास दुर्घटना हो गई।

जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव मधुलता सोमवार सुबह अपने निजी वाहन स्कूटी से शिविर स्थल की ओर जा रही थीं। ग्राम पंचायत केराकछार में पदस्थ मधुलता को सेवा संकल्प-सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में ड्यूटी करनी थी। इसी दौरान सर्वमंगला के समीप उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वह सड़क पर गिर गईं।

हादसे में पंचायत सचिव को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल कोरबा पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि शिविर की तैयारियों के लिए पंचायत सचिव मधुलता को निर्धारित समय पर शिविर स्थल पहुंचना था। जब वह वहां नहीं पहुंचीं तो उनके साथियों ने फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क दुर्घटना की जानकारी सामने आई। घटना की खबर मिलते ही शिविर स्थल पर मौजूद अधिकारियों और ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त किया। पंचायत सचिव मधुलता को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *