सरगुजा। प्रतापपुर में आयोजित विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता की तैयारियों में लापरवाही सामने आने पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने खेल प्रतियोगिता को गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने और व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने खेल मैदान की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मैदान मानक के अनुरूप तैयार नहीं है और वहां पत्थर पड़े हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “क्या स्कूली खिलाड़ियों को ऐसे मैदान में खिलाएंगे?” उन्होंने अधिकारियों को मैदान को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए।
अरुण साव ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “खेल को खेल जैसा कराइए, मजाक मत बनाइए।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन में खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक को हल्के में लेने या आयोजन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विष्णु के सुशासन में ऐसी लापरवाही के लिए स्थान नहीं है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करते हुए प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित गरिमा और मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।