रायपुर। बंजारी मंदिर में दर्शन कर परिवार के साथ बाहर निकली 60 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतका की पहचान अघनिया बाई निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपनी बेटी, दामाद, नाती और नातिन के साथ बंजारी मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं। दर्शन के बाद जब पूरा परिवार मंदिर से बाहर निकल रहा था, तभी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में अघनिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।