Headlines

रायगढ़ में जुआ फड़ों पर पुलिस का छापा, 11 गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चक्रधरनगर और छाल पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ फड़ों में दबिश देकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 48,800 नकद, 52 पत्ती ताश और 8 मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 2 नवंबर को चक्रधरनगर पुलिस ने पंडरीपानी पूर्व बस्ती के बाहर खुले मैदान में काटपत्ती जुआ खेल रहे लोगों पर दबिश दी।

पुलिस को देखकर कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि मौके से प्रवीण कुमार निषाद (37) और अजय कुमार कुसराम (43) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे और जुआ फड़ से ₹24,800 नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक चटाई जब्त की गई।

छाल पुलिस ने दो जुआ फड़ों पर दी दबिश

वहीं छाल पुलिस ने बांधापाली मंदिर के पास खेदापाली क्षेत्र में दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में मुकेश कुमार साहू, दुरबिन लाल यादव, सुरेन्द्र कुमार नायक, विरेन्द्र उर्फ दामोदर और बलराम सिंह उर्फ रवि ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से ₹12,450 नकद, 52 पत्ती ताश और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए।

दूसरी कार्रवाई में पंचम सिंह गोंड, राजेन्द्र उर्फ राजा निर्मलकर, दीपक पटेल और ललेश चन्द्रा को पकड़ा गया। इनके कब्जे से ₹11,550 नकद, 52 पत्ती ताश और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस ने सभी 9 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इस तरह चक्रधरनगर और छाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 11 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *