बिलासपुर। शहर में युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक देर रात घर में घुसकर युवती का हाथ पकड़कर उसे खींचने लगा और उसके शरीर को गलत नीयत से छूने लगा। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए उसका गला दबाने की कोशिश की। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 6 नवंबर को थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 1:30 बजे आरोपी प्रशांत श्रीवास उर्फ राजा (20 वर्ष), निवासी कतियापारा, घर में घुस आया। आरोप है कि उसने युवती को बुरी नीयत से हाथ पकड़कर खींचा और उसके शरीर को छूने लगा। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए उसका गला दबाने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 658/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 351(2) एवं 3(3) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कतियापारा में दबिश दी और आरोपी प्रशांत श्रीवास उर्फ राजा को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।