Headlines

बाल्टी से किडनी फेफड़ा और आंख बरामद, बच्चे की हत्या कर शरीर से निकाला था कातिल ने, खुलासा

जशपुर। जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 वर्षीय मासूम बालक की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जल्दी और ज्यादा पैसा कमाने की लालच में मासूम के शरीर के अंग निकालकर बेचने की योजना बनाई थी। सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके तलाशते-तलाशते उसके मन में यह खौफनाक विचार आया। इसके बाद उसने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और शराब पिलाने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस ने मामले में आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ, थाना सन्ना को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और मृतक के शरीर से निकाले गए अंगों को बरामद करने की जानकारी दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36 वर्ष) ने 7 नवंबर को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी करीब एक साल पहले परिवार के साथ मजदूरी करने ग्राम सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रहता था।

बताया गया कि ग्राम गोर्रापाठ निवासी बासुदेव उर्फ टंगनू, जो रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई है, का उसके घर आना-जाना था। 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे आरोपी रामजीत और एक अन्य परिचित व्यक्ति को अपने साथ शराब पीने ले गया था। शराब पीने के बाद रामजीत और उसका परिचित बस स्टैंड की ओर चले गए, जबकि आरोपी वापस अपनी झोपड़ी की तरफ चला गया।

बाद में जब रामजीत अपनी झोपड़ी लौटा तो उसका बेटा जितेंद्र वहां नहीं मिला। तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्चे को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते देखा था। परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में काफी तलाश की, लेकिन मासूम का कोई पता नहीं चला।

7 नवंबर की सुबह परिजन दोबारा बच्चे की तलाश में निकले। इसी दौरान सन्ना गांव में एक व्यक्ति के खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी दिखाई दी। बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ मासूम का शव मिला। शव को मिट्टी से हल्का दबाया गया था। इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस की पूछताछ में सामने आए आरोपी के कथित कबूलनामे के अनुसार, वह करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था और खेत में सब्जियां उगाने का काम करता था। मजदूरी से मिलने वाली रकम से वह संतुष्ट नहीं था और कम समय में अधिक पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के अलग-अलग तरीके खोजता रहता था।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। इसी आपराधिक मंशा के तहत उसने मासूम जितेंद्र को निशाना बनाया।

आरोपी के अनुसार, 5 नवंबर को रामजीत और उसके साथी को छोड़कर लौटते समय रास्ते में उसे जितेंद्र मिला। वह बच्चे को बहला-फुसलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया। इसके बाद उसे महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे ले गया और जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस उसी स्थान पर पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चे को लेकर सन्ना खुटाटांगर गया, जहां से शराब और मुर्गा खरीदा। वापस आकर उसने मुर्गा बनाया और मासूम को भी शराब पिलाई। शराब पीने के बाद बच्चा नशे में सो गया, तब आरोपी ने पहले से अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

पुलिस द्वारा जारी बयान के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने चाकू से मृतक के सीने और पेट को काटकर किडनी, फेफड़ा और आंख निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए थे। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भर दिया और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से दबा दिया। आरोपी ने घटना में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और बाल्टी में रखे अंगों को बांस की झाड़ियों के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक बालक का शव, हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे शरीर से निकाले गए अंग और आरोपी का मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया है। मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर डॉक्टर से पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ अपराध

इस मामले में थाना सन्ना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात के पीछे आरोपी की जल्दी पैसा कमाने की लालच और इंटरनेट के गलत इस्तेमाल से उपजी आपराधिक मानसिकता को प्रमुख वजह बताया है। महज अधिक कमाई की चाह में एक मासूम की जान ले लेने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *