Headlines

घर के पीछे बाड़ी में छिपाकर रखी थी 105 लीटर महुआ शराब, रायगढ़ के कलमी गांव का युवक गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम कलमी में दबिश देकर 105 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। आरोपी ने शराब को अपने घर के पीछे बाड़ी में छिपाकर बिक्री के लिए रखा था। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में ऑपरेशन आघात चलाया जा रहा है। इसके तहत अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की।

बताया गया कि 11 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कलमी निवासी सुशांतो डहरिया अपने घर के पीछे बाड़ी में भारी मात्रा में हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब छिपाकर रखा है और उसकी बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।

इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसकी पहचान सुशांतो डहरिया (29 वर्ष), पिता भगवानों डहरिया, निवासी ग्राम कलमी, थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई।

शराब रखने के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी पहले आनाकानी करता रहा। बाद में उसने अपने घर के पीछे बाड़ी में छिपाकर रखे गए सात प्लास्टिक डिब्बे पुलिस के सामने पेश किए। प्रत्येक डिब्बे की क्षमता 15 लीटर थी। जांच करने पर उनमें कुल 105 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 10,500 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *