Headlines

दुर्ग: आपसी विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, रायपुर से तीन आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के पाहंदा गांव में आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार धारदार हथियार, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 9 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम पाहंदा के बाजार चौक के पास हुई थी। यहां आपसी विवाद के दौरान आरोपियों ने ग्राम पाहंदा निवासी त्रिदेव बंधे पर हत्या की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट में गंभीर चोट आई। घायल को तत्काल उपचार के लिए रायपुर स्थित एम्स अस्पताल ले जाया गया।

घटना के संबंध में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना अमलेश्वर में अपराध क्रमांक 164/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों की तलाश के लिए थाना अमलेश्वर और साइबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ और विवेचना में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने गोपी साहू (32), अंकित सोनकर (19) और भेदराज निर्मलकर (25), तीनों निवासी चंगोराभाठा क्षेत्र, रायपुर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक बटनदार धारदार हथियार, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *