रायपुर। देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते मोटरसाइकिल में आग लगाने का मामला सामने आया है। साल 2020 में प्रार्थी द्वारा आरोपी के पिता को जेल भिजवाए जाने से नाराज युवक ने बदला लेने की नीयत से बुलेट 350 मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, त्रिमूर्ति नगर निवासी हिमेश सोनी ने देवेन्द्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 नवंबर की रात 12:30 बजे उसकी बुलेट 350 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QP 0157, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है, को किसी अज्ञात व्यक्ति ने नानूक दीप के घर के सामने आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर देवेन्द्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 326(एफ) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने प्रार्थी एवं संदिग्धों से पूछताछ करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सुशील सोनी (27 वर्ष), निवासी त्रिमूर्ति नगर को पकड़कर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल में आग लगाने की घटना स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पिता को साल 2020 में प्रार्थी द्वारा जेल भिजवाया गया था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने बदला लेने के इरादे से इस घटना को अंजाम दिया।