Headlines

कपड़ों के पार्सल में छिपाकर भेजा जा रहा था गुलाबी ड्रग्स पाउडर, DRI ने पकड़ा

दिल्ली। देश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी की एक कोशिश को नाकाम कर दिया है। डीआरआई अधिकारियों ने नई दिल्ली के विदेशी डाकघर (Foreign Post Office) में एक संदिग्ध पार्सल की जांच के दौरान 10.8 किलोग्राम एम्फेटामाइन जब्त किया है। इस पार्सल के जरिए यूरोपीय देश से भारत में नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, डीआरआई अधिकारियों को खुफिया सूचना मिली थी कि विदेशी डाक माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी की जा सकती है। इसके आधार पर अधिकारियों ने नई दिल्ली के विदेशी डाकघर में पहुंचे एक संदिग्ध पार्सल को रोककर उसकी जांच की। यह पार्सल यूरोपीय देश से आया था और इसमें कपड़े होने की जानकारी दी गई थी। पार्सल में सामान का विवरण ‘क्लेरन’ (Kleren) यानी कपड़े बताया गया था।

शुरुआती जांच में पार्सल के भीतर सामान्य घरेलू कपड़े मिले, लेकिन अधिकारियों ने पैकेजिंग की बारीकी से जांच की तो तस्करी का चौंकाने वाला तरीका सामने आया। तस्करों ने पार्सल के गत्ते के डिब्बे की चारों तरफ की दीवारों में दो-दो प्लास्टिक की थैलियां छिपा रखी थीं। इस तरह कुल आठ छिपे हुए पैकेट बरामद किए गए।

जांच के दौरान इन पैकेटों में गुलाबी रंग का पाउडर मिला, जो परीक्षण में एम्फेटामाइन पाया गया। डीआरआई ने एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के संबंधित प्रावधानों के तहत सभी आठ पैकेटों में मिले कुल 10.8 किलोग्राम मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है।

फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारी इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क, पार्सल भेजने वालों और इससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *