Headlines

रायपुर में अब रात में भी होगा कचरे का उठाव, नगर निगम ने शुरू की नाइट शिफ्ट

रायपुर। राजधानी में दिवाली के त्योहारी सीजन के दौरान बढ़े कचरे के दबाव को देखते हुए नगर निगम ने कचरा उठाव और परिवहन व्यवस्था में बदलाव किया है। अब शहर में कचरे का परिवहन रात की शिफ्ट में भी किया जा रहा है। इसके तहत रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी ट्रांसफर स्टेशनों से कचरे का उठाव और परिवहन लगातार जारी रहेगा।

नगर निगम के अनुसार, सामान्य दिनों में शहर से प्रतिदिन लगभग 500 से 700 टन कचरा निकलता है, लेकिन दिवाली के दौरान इसकी मात्रा बढ़कर करीब 850 टन तक पहुंच गई थी। कचरे की बढ़ती मात्रा को देखते हुए निगम ने तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए हैं। कचरा उठाव व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए संबंधित एजेंसी M/s Delhi MSW Solutions Ltd. को पत्र भी जारी किया गया है।

निगम ने बताया कि दिन के समय शहर में ट्रैफिक के कारण कचरा परिवहन का काम प्रभावित होता है। इसकी भरपाई के लिए अब रात्रिकालीन शिफ्ट शुरू की गई है, ताकि रात के समय सभी ट्रांसफर स्टेशनों से कचरे का उठाव कर उसका परिवहन किया जा सके।

ट्रांसफर स्टेशनों पर खुले में कचरा डालने पर प्रतिबंध

नगर निगम ने सभी ट्रांसफर स्टेशनों पर कचरा केवल निर्धारित कम्पैक्टर में ही डालने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही खुले स्थानों पर कचरा डालने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।

निगम का कहना है कि अतिरिक्त कचरे का समय पर एकत्रीकरण और परिवहन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे और कचरे का जमाव न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *