रायपुर। राजधानी में प्रतिबंधित पाकिस्तानी गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आने के बाद अब बिना वैध लाइसेंस के कॉस्मेटिक क्रीम बनाने का कारोबार भी पकड़ा गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने महावीर नगर में छापेमारी कर क्रीम बनाने के ठिकाने से बड़ी मात्रा में तैयार उत्पाद और निर्माण एवं पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। वहीं, इससे पहले गोल बाजार में कार्रवाई कर पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित क्रीम की 236 डिब्बियां जब्त की गई थीं।
विभागीय टीम ने महावीर नगर में महेंद्र सचदेवा के क्रीम निर्माण ठिकाने पर दबिश दी। जांच में सामने आया कि यहां पिछले करीब एक साल से क्रीम बनाने का काम किया जा रहा था, जबकि इसके लिए जरूरी लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मॉम व्हाइटनिंग क्रीम, ग्लैमरिक्स और क्विंज पर्ल फेस सीरम जब्त किया। इसके अलावा क्रीम बनाने और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई है।
इस मामले में महेंद्र सचदेवा का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि उनका लाइसेंस समाप्त हो चुका है। फिलहाल विभाग ने सामग्री जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गोल बाजार में मिली थीं पाकिस्तान में बनी 236 क्रीम
इससे पहले रायपुर के गोल बाजार में पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री की सूचना पर ड्रग विभाग की टीम ने दुकानों में छापेमारी की थी। इस दौरान ओम ब्यूटी सेंटर से कुल 236 क्रीम जब्त की गई थीं। इनमें 218 गोरी क्रीम और 18 चांदनी क्रीम शामिल थीं। जब्त क्रीम की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई थी।
राजधानी में लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण और बिक्री को लेकर विभागीय जांच तेज हो गई है। अब विभाग की जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि जब्त उत्पाद कहां-कहां सप्लाई किए जा रहे थे और इनके निर्माण एवं बिक्री से जुड़े नियमों का कितना पालन किया गया।