दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के नगपुरा गांव में महिला स्व-सहायता समूह की 4 लाख 14 हजार 800 रुपये की राशि का हिसाब नहीं मिलने के मामले में पुलिस ने समूह की अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि समूह की बचत और बैंक खाते में प्राप्त शासकीय सहायता राशि का हिसाब मांगने पर अध्यक्ष ने टालमटोल की और राशि खर्च हो जाने की बात कही। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नगपुरा गांव की महिलाओं ने 9 जून 2022 को सपूरा माता सहायता समूह का गठन किया था। समूह में कुल 12 महिलाएं सदस्य थीं। समूह के आर्थिक लेन-देन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की नागपुरा शाखा में खाता खोला गया था। इसमें सदस्य महिलाएं नियमित रूप से बचत राशि जमा करती थीं। इसके अलावा समूह के खाते में शासकीय सहायता राशि भी प्राप्त हुई थी।
बताया गया कि समूह की अध्यक्ष कीर्ति मंडले सदस्यों से समय-समय पर राशि प्राप्त करती थीं। 18 नवंबर 2026 को समूह की महिलाओं ने बैंक खाते में जमा राशि की जानकारी ली, तो अपेक्षित राशि खाते में उपलब्ध नहीं मिली। इस संबंध में अध्यक्ष से पूछताछ करने पर उन्होंने राशि खर्च हो जाने की बात कही। साथ ही बैंक पासबुक और हिसाब-किताब उपलब्ध कराने में टालमटोल करने का आरोप है।
इसके बाद समूह की महिलाओं ने आपस में जानकारी जुटाई और 4,14,800 रुपये की राशि का हिसाब नहीं मिलने की शिकायत थाना पुलगांव में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1017/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान उपलब्ध शिकायत और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने समूह अध्यक्ष कीर्ति मंडले (28 वर्ष), निवासी ग्राम नागपुरा, को 20 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।