बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में आज शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार एम्बुलेंस सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन में पीछे से जा घुसी। हादसे में एम्बुलेंस सवार 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एम्बुलेंस के दो चालक और तीन अन्य लोग शामिल हैं। (barabanki accident)
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 53.3 किलोमीटर पॉइंट के पास थाना सुबेहा क्षेत्र के घेरावन गांव के नजदीक हुआ। दुर्घटना आज शनिवार सुबह 6:30 बजे की बताई जा रही है। एम्बुलेंस राजस्थान के जयपुर से एक शव लेकर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार एम्बुलेंस आगे खड़े पिकअप वाहन से पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस में सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना में पांचों लोगों की मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।