कच्छ। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रेलर और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए लोग भुज में तैनात उत्तराखंड के एक आर्मी जवान के परिवार के सदस्य और उनके रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। सभी लोग कार में सवार थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर कार की ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार सातों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। एक ही परिवार के सात लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।