रायपुर। स्वच्छ वायु, स्वस्थ जीवनशैली और शहर की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायपुर नगर निगम 25 नवंबर को ‘बर्न कैलोरीज, नॉट फ्यूल’ (Burn Calories, Not Fuel) हेरिटेज साइक्लिंग टूर का आयोजन करने जा रहा है। इस पहल के जरिए नागरिकों को साइकिल चलाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ रायपुर की ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत से भी रूबरू कराया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे रायपुर नगर निगम मुख्यालय स्थित व्हाइट हाउस से होगी। साइकिल यात्रा तेलीबांधा तालाब से होते हुए शहर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में संपन्न होगी। कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं महापौर मीनल चौबे, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और संस्कृति विभाग (एमआईसी) के अध्यक्ष अमर गिदवानी भी साइकिल यात्रा में सहभागिता करेंगे।
साइकिल चलाने और ईंधन बचाने का दिया जाएगा संदेश
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। नियमित साइकिलिंग से शारीरिक सक्रियता और फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ईंधन आधारित वाहनों पर निर्भरता कम करने और उनसे होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
जीरो वेस्ट कार्यक्रम की अवधारणा पर होगा आयोजन
नगर निगम ने इस आयोजन को जीरो वेस्ट कार्यक्रम की अवधारणा पर आधारित रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित किया जाएगा और जिम्मेदार उपभोग के साथ बेहतर कचरा प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा।
इस आयोजन के माध्यम से जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और शहर के विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाकर स्वच्छ वायु, सतत परिवहन, बेहतर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।