Headlines

राजनांदगांव में थाने से दो आरोपी फरार, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

राजनांदगांव। जिले में पुलिस कस्टडी से दो आरोपियों के फरार होने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में आरक्षक नितेश ध्रुव, आरक्षक किशन देवांगन और आरक्षक दुर्गेश साहू शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 732/2026 और 733/2026 के तहत दर्ज मामलों में संदिग्ध विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को 25 नवंबर 2026 को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया था। साथ ही घटना में लूटे गए मोबाइल और नकदी को अपने घर में रखना बताया था।

सुरक्षा में तैनात थे तीन पुलिसकर्मी

आदेश में उल्लेख है कि रात होने के कारण दोनों आरोपियों को हथकड़ी लगाकर थाने में रखा गया था। उनकी सुरक्षा के लिए आरक्षक क्रमांक 1187 नितेश ध्रुव और आरक्षक क्रमांक 1749 किशन देवांगन की ड्यूटी लगाई गई थी। वहीं रात्रि थाना हाजिरी ड्यूटी में आरक्षक क्रमांक 498 दुर्गेश साहू तैनात थे।

सुबह 7 बजे पुलिस अभिरक्षा से हुए फरार

26 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे दोनों आरोपी विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए। आदेश के मुताबिक, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कर्तव्य के प्रति लापरवाही के चलते आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा से भागने का अवसर मिला। इसे गंभीर लापरवाही और उदासीनता मानते हुए विभाग की छवि पर विपरीत असर पड़ने की बात कही गई है।

एसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

मामले में पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक नितेश ध्रुव, आरक्षक किशन देवांगन और आरक्षक दुर्गेश साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि में तीनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और तीनों गणना में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही उप पुलिस अधीक्षक (अजाक/क्राइम) सत्यप्रकाश तिवारी को मामले की प्राथमिक जांच कर सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *